चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी पंजाब में 20 सितंबर से व्यापक घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी तथा बूथ समिति सदस्य राज्य के प्रत्येक घर तक पहुंचकर भगवंत मान सरकार के कामकाज और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
श्री सिसोदिया ने चंडीगढ़ में आप के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धूरी में स्वयं घर-घर अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब के 25,332 बूथों पर बूथ समितियों के माध्यम से अभियान चलाया जायेगा। इसी दौरान पार्टी सदस्यता अभियान भी शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार के अनुसार किसानों को नहर के पानी और दिन में बिजली आपूर्ति, सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं तथा निजी स्कूलों की फीस संबंधी शिकायतों पर नियंत्रण के लिए कदम उठाये गये हैं। उन्होंने रोजगार, खेल सुविधाओं और व्यापारियों से जुड़े सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बिजली और पानी से संबंधित चुनावी गारंटियां पूरी की हैं और पार्टी के आकलन के अनुसार इससे एक औसत पंजाब परिवार को सालाना 1.82 लाख रुपये का लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि घर-घर अभियान में पिछली सरकारों के कार्यकाल और नशे की समस्या सहित विभिन्न मुद्दों पर भी लोगों से संवाद किया जायेगा।
श्री सिसोदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री 19 सितंबर को लुधियाना में आप के चुनावी अभियान का पर्चा जारी करेंगे।
आप प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि पार्टी के 2.68 लाख कार्यकर्ता सरकार के काम को घर-घर तक पहुंचायेंगे। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आप को 2022 से अधिक जनादेश मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित