सुलतानपुर , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह समेत 12 आरोपियों के खिलाफ विचाराधीन केस में गवाही पूरी हो गई है।

सांसद के वकील रुद्र प्रताप सिंह मदन ने सोमवार को कहा कि उन्हें अब गवाही नहीं देनी है। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने बहस के लिए 17 अक्टूबर की तिथि तय की है।

गौरतलब है कि आप सांसद संजय सिंह पर 13 अप्रैल 2021 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला थाने के हसनपुर गांव में बिना अनुमति सभा कर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है। बंधुआकला थाने के तत्कालीन एसओ प्रवीण कुमार ने सांसद संजय सिंह समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी होने के बाद सांसद व अन्य आरोपियों का बयान कोर्ट दर्ज कर चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित