चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य को आर्थिक संकट की ओर धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 'बदलाव' के वादे के साथ सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में राज्य का कर्ज लगभग दोगुना हो गया है।

गुरुवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) के दौरान पंजाब सरकार 13,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल से सितंबर के बीच राज्य का कुल उधार 18,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा और यदि यही स्थिति बनी रही तो चालू वित्त वर्ष के अंत तक पंजाब पर कुल बकाया कर्ज लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य के विकास के लिए ठोस नीति बनाने के बजाय आप सरकार प्रचार और चुनावी वादों को पूरा करने के लिए लगातार कर्ज ले रही है, जिससे पंजाब का आर्थिक भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाये।

श्री ढिल्लों ने कहा कि हाल ही में पीएसपीसीएल ने पंजाब राज्य विद्युत विनियामक आयोग को बताया था कि निगम वित्तीय रूप से मजबूत है और लाभ में चल रहा है, लेकिन अब वही निगम 10,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण लेने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि पीएसपीसीएल वास्तव में लाभ में है, तो उसे इतने बड़े कर्ज की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उनके अनुसार यह सरकार की आर्थिक नीतियों और वित्तीय प्रबंधन की खामियों को उजागर करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित