चंडीगढ़ , मई 12 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी स्थिति बनाने के लिए आप सरकार जिम्मेदार है, जहां केंद्रीय एजेंसियों को दखल देने का मौका मिला।

राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में पिछले चार वर्षों के दौरान विजिलेंस ब्यूरो का विपक्षी नेताओं के खिलाफ दुरुपयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया, परेशान किया गया और राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की गयी। उन्होंने कहा कि आप सरकार भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर चुकी है और पंजाब को ऐसे हालात में पहुंचा दिया है, जहां भाजपा अपनी एजेंसियों के जरिए राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है।

राजा वड़िंग ने कहा कि भाजपा चुनावों से पहले हमेशा एक तय रणनीति अपनाती है, जिसमें पहले नेताओं, फिर अफसरशाही और पुलिस पर दबाव बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग खुद हिसाब करना जानते हैं, उन्हें भाजपा की एजेंसियों की जरूरत नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि अगर कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया गया तो पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा को हराने की ताकत केवल कांग्रेस में है और पंजाब में भी यही होगा।

राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस पंजाब को लूटने वालों और झूठे मामले बनाकर नेताओं को डराने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित