चंडीगढ़ , फरवरी 16 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार नौकरशाही का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने मोगा में आयोजित आप की रैली में मुख्य सचिव और डीजीपी की मौजूदगी पर सवाल उठाए।
श्री जाखड़ ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए सोशल मीडिया संदेश में लिखा, "आम आदमी पार्टी की रैली में मुख्य सचिव और डीजीपी को देखकर यह सवाल उठता है कि क्या भारत के 'स्टील फ्रेम' नौकरशाह अब राजनीतिक मनमर्जियों के आगे झुक रहे हैं? क्या यह ऑल इंडिया सर्विस नियमों का स्पष्ट उल्लंघन नहीं है?"श्री जाखड़ ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है। लोकतंत्र में नौकरशाही से अपेक्षा की जाती है कि वह निष्पक्षता के साथ काम करे, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि लोकतंत्र का स्टील फ्रेम - यानी सिविल सेवक - अब आप की मनमर्जी के आगे समर्पण कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह सेवा नियमों का भी उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि आप द्वारा मोगा में अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए आयोजित रैली में पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी गई और कथित तौर पर सरकारी धन का दुरुपयोग कर भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि रैली में डीजीपी और मुख्य सचिव को लाना आप सरकार की ओर से पूरी तरह अनैतिक कार्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित