चंडीगढ़ , अगस्त 23 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवाल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आर्थिक नीतियों और वित्तीय प्रबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आप सरकार ने पंजाब को विकास के रास्ते पर ले जाने के बजाय कर्ज के जाल में धकेल दिया है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते कर्ज का बोझ से आने वाली पीढ़ियों पर इसका असर दिखने को मिलेगा। श्री ढिल्लों ने रविवार को कहा कि आप के सत्ता में आने से पहले पंजाब पर करीब 2.82 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जो आप सरकार के लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल में बढ़कर करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार नए कर्ज उठा रही है लेकिन इसके बावजूद राज्य के राजस्व, उत्पादन क्षमता और बुनियादी ढांचे में उसी अनुपात में कोई बड़ा सुधार नजर नहीं आ रहा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की खराब वित्तीय स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पावरकॉम अब 10,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी कर रहा है, जबकि इससे पहले ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी ( गमाडा) ने भी 15,000 करोड़ रुपये जुटाने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों की लगातार कर्ज पर निर्भरता राज्य की बिगड़ती वित्तीय स्थिति का गंभीर संकेत है।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि एक ओर पंजाब सरकार वित्तीय संकट का हवाला देकर जनता, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की जायज मांगों को लंबित रख रही है, वहीं दूसरी ओर बड़े पैमाने पर कर्ज उठाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार की वित्तीय स्थिति मजबूत है तो सरकारी संस्थाओं को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए बार-बार भारी कर्ज लेने के लिए मजबूर क्यों किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इन कर्जों की व्यवस्था के लिए मर्चेंट बैंकरों और अन्य वित्तीय मध्यस्थों को करोड़ों रुपये की फीस देना भी राज्य के खजाने पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब का कर्ज लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके बदले जनता को रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के क्षेत्रों में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी धन का इस्तेमाल विकास के बजाय विज्ञापनों और राजनीतिक प्रचार पर किया जा रहा है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता आप सरकार की विफलताओं का हिसाब जरूर लेगी। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर राज्य का कर्ज बढ़ाना और सरकारी खजाने पर कथित बोझ डालना पंजाब की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब को वित्तीय संकट से बाहर निकालकर दोबारा विकास के रास्ते पर लाने का एकमात्र विकल्प भाजपा की डबल इंजन सरकार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित