चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में आदमी पार्टी (आप) सरकार के चार साल पूरे होने पर सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने 'काम की राजनीति' के जरिए जनता से की गई सभी गारंटियाँ पूरी कर दी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा को खारिज कर जनता ने जो भरोसा जताया था, उसे टूटने नहीं दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों पर ज़ोर देते हुए कहा कि भारत सरकार के सर्वे के अनुसार पंजाब के सरकारी स्कूल पढ़ाई में देश में नंबर-1 हैं।" उन्होंने बताया कि एक लाख से अधिक डेस्क उपलब्ध कराए गए हैं और 9,000 स्मार्ट क्लासरूम तथा 5,000 कंप्यूटर लैब खोली गई हैं। इसके अलावा 15,000 शिक्षकों की भर्ती की गई है और प्रधानाचार्यों को फिनलैंड एवं सिंगापुर में विश्व स्तरीय प्रशिक्षण दिलाया गया है।

श्री मान ने कहा कि 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के तहत हर परिवार को निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। उन्होने कहा कि पिछले चार सालों में 881 क्लीनिक खोले गए, जहाँ 5 करोड़ से अधिक लोग ओपीडी सेवाओं का लाभ ले चुके हैं। पंजाब के इतिहास में सबसे बड़ी भर्ती करते हुए 1,575 नए डॉक्टर नियुक्त किए गए। फरिश्ते स्कीम के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वालों को 2,000 रुपये का प्रोत्साहन और घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया। कृषि भूमि की नहरी सिंचाई 2022 के 26 प्रतिशत से बढ़कर 2026 में 78 प्रतिशत हो गई है। किसानों को दिन में आठ घंटे निर्बाध बिजली दी जा रही है। गन्ने का भाव देश में सबसे अधिक 416 रुपये प्रति क्विंटल है। राज्य में 40,000 किलोमीटर से अधिक लिंक सड़कों की मरम्मत पांच साल की रखरखाव गारंटी के साथ की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'नशे के विरुद्ध युद्ध' के तहत 92,264 गिरफ्तारियां हुईं और 5,480 किलो हेरोइन जब्त की गई। नशा तस्करों की 760 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की गई। भारत के पहले सड़क सुरक्षा बल के कारण सड़क हादसों में मौतों में 50.12 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होने कहा कि 'ऑपरेशन प्रहार' के जरिए 14,722 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब की अपराध दर राष्ट्रीय औसत से लगभग आधी है। उन्होने कहा कि उत्पाद शुल्क और जीएसटी संग्रह में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। पंजाब का कर्ज-टू-जीएसडीपी अनुपात 48.25 प्रतिशत (2022) से घटकर 44.47 प्रतिशत (2026) रह गया है। 'इन्वेस्ट पंजाब' के जरिए 1.55 लाख करोड़ का निवेश आया है। टाटा स्टील 20 मार्च से पंजाब में अपना परिचालन शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि जालंधर के बर्ल्टन पार्क में अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम और अमृतसर में विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होने कहा कि पंजाब जल्द ही एशिया कप हॉकी की मेजबानी करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित