नयी दिल्ली , मई 22 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत संबंधी अपील की अनदेखी की और सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ एक छोटे से पार्क का उद्घाटन करने पहुंचीं।

आप के वरिष्ठ नेता एवं बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री की बचत संबंधी अपील की अनदेखी करते हुए मुख्यमंत्री सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ बुराड़ी स्थित मुखमेलपुर एक छोटे से पार्क का उद्घाटन करने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम जनता पेट्रोल-डीजल की समस्या से जूझ रही है, जबकि दूसरी तरफ जनता के पैसे का फिजूलखर्ची में इस्तेमाल किया जा रहा है।

श्री झा ने कहा कि भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्रियों का इन दिनों केवल पीआर अभियान चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री पहले 180 मीटर की दूरी पैदल चलकर एलजी हाउस गईं और उसका प्रचार किया गया, जबकि अब एक छोटे से पार्क के उद्घाटन के लिए अलग-अलग कॉलोनियों से सैकड़ों गाड़ियां और बसें जुटाई गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्कूल और दफ्तर ऑनलाइन चल सकते हैं, तो मुख्यमंत्री ऑनलाइन उद्घाटन क्यों नहीं कर सकतीं।

आप विधायक ने दावा किया कि मुखमेलपुर पार्क की योजना और नींव अरविंद केजरीवाल सरकार के दौरान रखी गई थी। उन्होंने बताया कि 11 मई 2023 को तत्कालीन पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखकर इस परियोजना की प्रक्रिया शुरू कराई गई थी। निरीक्षण, योजना और एस्टीमेट तैयार होने का काम उनकी सरकार में पूरा हो चुका था, लेकिन सरकार बदलने के बाद भाजपा ने डेढ़ साल तक फाइल रोके रखी और अब उद्घाटन कर उसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित