चंडीगढ़ , नवंबर 01 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) पर दूसरे राजनीतिक दलों से निकाले गए और विवादों में घिरे नेताओं को पार्टी में शामिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा को 'कबाड़ की दुकान' करार देते हुए कहा कि पार्टी के पास पंजाब में अपना कोई मजबूत जनाधार और नेतृत्व नहीं है।

रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में श्री धालीवाल ने कहा कि आप ने हमेशा पंजाब के हितों को सर्वोपरि रखा है। पार्टी ने भ्रष्टाचार या पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने वाले अपने मंत्रियों और विधायकों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने में संकोच नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि आप पंजाब की पहली ऐसी सरकार है, जिसने अपने ही नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर सख्त कार्रवाई की और उन्हें जेल भेजा।

श्री धालीवाल ने आरोप लगाया कि जिन विधायकों पर गंभीर मामले दर्ज थे, जिनमें पुलिस पर गोली चलाने और दुष्कर्म जैसे आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं, उन्हें आप ने पार्टी से निलंबित कर बाहर का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भाजपा ऐसे ही विवादित नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है। उनके अनुसार, सत्ता के लालच में पंजाब के हितों की लड़ाई छोड़कर दूसरे दलों में जाने वाले नेताओं के पास कोई राजनीतिक दृष्टि नहीं है। उन्होंने कहा कि आप की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद विपक्षी दलों में घबराहट दिखाई दे रही है। श्री धालीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आप से निकाले गए नेताओं को शामिल कर पंजाब में अपना राजनीतिक आधार बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अपना कोई जनाधार नहीं है और दूसरे दलों के खारिज किए गए नेताओं को इकट्ठा करने से उसे जनता का विश्वास नहीं मिलेगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा को पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारी नियुक्त करने के लिए भी अपने नेता नहीं मिल रहे और दूसरे राज्यों से आए लोगों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उधार के नेताओं के सहारे राजनीतिक लड़ाई नहीं जीती जा सकती।

भाजपा के नशा विरोधी अभियान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जालंधर रैली पर निशाना साधते हुए श्री धालीवाल ने दावा किया कि दूसरे दलों के अस्वीकार किए गए नेताओं को शामिल करने की नीति के कारण भाजपा का नशा विरोधी अभियान विफल रहा और श्री शाह की रैली भी पूरी तरह असफल रही। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग भगवंत मान सरकार के कामकाज का समर्थन कर रहे हैं और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आप 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से फिर सरकार बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित