चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है तो वे केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच को अदालतों में चुनौती क्यों दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेताओं का उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय का रुख करना इस बात का संकेत है कि वे कुछ छिपाना चाहते हैं।
श्री जाखड़ ने शुक्रवार को कहा कि आप नेताओं को अब तक अदालतों से कोई तत्काल राहत नहीं मिली है और वे केवल जांच की प्रक्रिया में देरी करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर पंजाब को कथित रूप से लूटने के पीछे के असली लोगों तक पहुंचा जा सकता है। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में श्री जाखड़ ने पंजाबी में लिखा, "भागने वालों को बचने का रास्ता नहीं मिलेगा।"उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई की कार्रवाई शुरू होने के बाद पंजाब सरकार को उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय से तत्काल राहत नहीं मिली है। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद आप के मंत्री कार्यालयों और सरकारी दफ्तरों में बैठे कथित 'लुटेरे' अपना सामान समेटने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों को भी अपने सरकारी आवास खाली करने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित