चंडीगढ़ , मई 08 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की 'शुकराना यात्रा' पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) को धन्यवाद यात्रा निकालने की बजाय पंजाब को बर्बाद करने के लिए 'पश्चाताप यात्रा' निकालनी चाहिए।
राजा वड़िंग ने शुक्रवार को कहा कि आप को जनता का आभार व्यक्त करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए और पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि सरकार ने जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं को नशे और गैंगस्टर संस्कृति की ओर धकेला गया है। उन्होंने कहा कि 'शुकराना यात्रा' आप की एक और राजनीतिक नौटंकी है, जिसमें सरकार बिना कोई ठोस काम किये खुद की तारीफ कर रही है।
राजा वड़िंग ने कहा कि आप यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उसने पहली बार बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाया है, जबकि इससे पहले भी विभिन्न सरकारें ऐसे कानून ला चुकी हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आप ने पुराने कानून को दोबारा पैक कर पेश किया है और अब उसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब पंजाब भर में 'पश्चाताप यात्रा' निकालकर लोगों से विश्वासघात, झूठे वादों और राज्य में बढ़ते नशे और अपराध के लिए माफी मांगनी चाहिए।
राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोग 'शुकराना यात्राएं' नहीं, बल्कि पिछले वर्षों का हिसाब चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब आप सरकार को पंजाबियों के सवालों का जवाब देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित