चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव अनिल सरीन ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के करीब 45 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चाओं को लेकर राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए हैं।

श्री सरीन ने शुक्रवार को कहा कि यदि आप नेतृत्व अपने लगभग आधे मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है, तो इससे राज्य सरकार के करीब पांच साल के कार्यकाल पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूछा कि यदि सरकार का मानना है कि उसका कामकाज संतोषजनक रहा है, तो इतनी बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों को बदलने की चर्चा क्यों हो रही है?उन्होंने कहा कि आप ने पंजाब में बदलाव का वादा करके सत्ता हासिल की थी और लोगों से कई प्रतिबद्धताएं की थीं। अब बड़ी संख्या में विधायकों के टिकट काटने की चर्चाएं क्या इस बात का संकेत नहीं हैं कि पार्टी को अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की क्षमता पर भरोसा नहीं रहा?श्री सरीन ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम पृष्ठभूमि से आने वाले समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को विधायक बनाने के अवसर देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या पार्टी अब उन्हीं कार्यकर्ताओं से बने विधायकों पर भरोसा खो चुकी है, जिनकी मेहनत और समर्पण ने उसे सत्ता तक पहुंचाया था? भाजपा नेता ने आप से विधायकों के प्रदर्शन, चुनावी वादों को पूरा करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर पंजाब की जनता को स्पष्ट जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बदलाव और बेहतर शासन का वादा करके सत्ता में आई सरकार से जनता बहाने नहीं, जवाबदेही चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित