रूपनगर , जुलाई 09 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के शासन में रूपनगर 'अवैध खनन की राजधानी' बन गया है और राज्य कर्ज, नशे तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि बदलाव का वादा कर सत्ता में आयी आप सरकार ने राज्य को विकास की बजाय आर्थिक संकट और प्रशासनिक अव्यवस्था की ओर धकेल दिया है।
रूपनगर में गुरुवार को आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को जनसभा का रूप दे दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और अगली सरकार भाजपा की होगी। श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आप सरकार के कार्यकाल में पंजाब पर कर्ज 2.82 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के 'बदलाव' के वादे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
नशे के मुद्दे पर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन आज भी पंजाब का युवा नशे की चपेट में है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में रंगदारी, हत्या, लूट और हिंसक वारदातें लगातार बढ़ रही हैं।
किसानों के मुद्दे पर श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग की खरीद का वादा पूरा नहीं कर सकी, जिससे किसान मंडियों में परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित किया जा रहा है। पंजाब को भी फसल विविधीकरण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालयों, सेवा केंद्रों, शिक्षकों और बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कर्मचारियों को 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता भी देने को तैयार नहीं है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में 60 प्रतिशत मंहगाई भत्ता दिया जा रहा है।
महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए देने के वादे पर भी श्री ढिल्लों ने सरकार को घेरते हुए कहा कि बार-बार नयी शर्तें लगाकर योजना को टाला जा रहा है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में महिला कल्याण योजनाओं को समय पर लागू किया गया।
अवैध खनन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रूपनगर में करीब 150 प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद सरकार इस पर रोक लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले श्री केजरीवाल ने खनन से 20,000 करोड़ रुपये वार्षिक राजस्व का दावा किया था, जबकि सरकार को केवल लगभग 600 करोड़ रुपये की आय हुई। उन्होंने सवाल किया कि बाकी 19,400 करोड़ रुपये कहां गये और आरोप लगाया कि 'दिल्ली के घोटालेबाजों ने पंजाब की रेत तक लूट ली।'श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क, रेल, हवाई अड्डों और औद्योगिक ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है तथा भाजपा शासित और सहयोगी राज्यों में विकास की रफ्तार तेज है, जबकि पंजाब पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए 4.13 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराये हैं और भाजपा राज्य को फिर से देश का अग्रणी प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचायें। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की समस्याओं का स्थायी समाधान केवल भाजपा सरकार ही दे सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित