मोहाली , जुलाई 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार की लैंड पूलिंग नीति को किसानों की जमीन हड़पने की बड़ी साजिश करार देते हुए कहा कि भाजपा इस नीति का पुरजोर विरोध करेगी और किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
भाजपा के अभियान के तहत बुधवार को केवल सिंह ढिल्लों ने मोहाली जिले के पट्टों गांव में प्रभावित किसानों के खेतों का दौरा किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार उनकी इच्छा के विरुद्ध उनकी जमीन अधिग्रहित करना चाहती है, जबकि यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है।
किसानों ने बताया कि पहले भी गमाडा और पुडा द्वारा अधिग्रहित की गयी जमीन का विकास आज तक पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा मुआवजे और अन्य लंबित मामलों का भी समाधान नहीं किया गया, जिससे सरकार पर उनका भरोसा खत्म हो गया है।उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार जमीन अधिग्रहण के दौरान उन्हें बिजली के मोटर कनेक्शन देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ और संबंधित फाइलें सरकारी दफ्तरों में धूल फांक रही हैं। किसानों ने उनके बीच पहुंचकर समर्थन देने के लिए भाजपा अध्यक्ष का धन्यवाद भी किया।
इस मौके पर केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लैंड पूलिंग नीति विकास नहीं बल्कि पंजाब के किसानों की जमीन हड़पने की योजना है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में चुनावी हार के बाद अब आप नेतृत्व की नजर पंजाब, खासकर मोहाली की कीमती कृषि भूमि पर है और इस नीति के जरिए करोड़ों रुपये का घोटाला करने की तैयारी की जा रही है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पहले वापस ली गयी नीति को दोबारा लागू करना सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नये वादों और प्रलोभनों के जरिए किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि उनकी पार्टी इस 'काली नीति' के तहत पंजाब के किसानों की एक इंच जमीन भी अधिग्रहित नहीं होने देगी और किसानों के साथ किसी भी प्रकार के अन्याय का डटकर विरोध करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित