नयी दिल्ली , जुलाई 12 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने रामायण के सुंदरकांड के पाठ का आयोजन करने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए इसे एक राजनीतिक चाल करार दिया है।

श्री मल्होत्रा ने रविवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि राम मंदिर को लेकर श्री केजरीवाल का बयान और सुन्दरकांड पाठ का आयोजन पंजाब और अन्य राज्यों के आगामी चुनाव में हिन्दुओं को मोहने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि दिल्ली तथा देश की जनता को आज भी श्री केजरीवाल का वो भाषण भलीभांति याद है जब उन्होंने कहा था कि जिस मंदिर को मस्जिद तोड़कर बनाया गया है वह वहां नहीं जाना चाहते।

उन्होंने कहा, "हम दिल्ली वालों को वो दिन भी याद है जब 2024 में अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के बाद तत्कालीन 'आप' सरकार ने दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में साप्ताहिक श्री सुन्दरकांड पाठ आयोजन की घोषणा की थी, लेकिन सिर्फ 16 जनवरी 2024 को एक बार लगभग 50 विधानसभा क्षेत्रों में पाठ किया फिर वे इसे भूल गये।" उन्होंने कहा कि मार्च 2024 में 'आप' सरकार ने एक साथ 2600 स्थानों पर श्री सुन्दरकांड पाठ आयोजन की घोषणा की लेकिन 26 स्थानों पर भी पाठ नहीं हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित