चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को पंजाब के विभिन्न स्थानों पर आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा किए गए 1984 सिख विरोधी दंगों से संबंधित प्रदर्शनों को राजनीतिक पाखंड करार देते हुए कहा कि ये प्रदर्शन पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति नहीं, बल्कि राजनीतिक नाटक हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत आप नेताओं को भाजपा पर सवाल उठाने से पहले 1984 के पीड़ित परिवारों से किये गये अपने वादों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1984 दंगा मामलों में आरोपियों को सजा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान ही मिली। ढिल्लों ने आप के 2017 के चुनावी घोषणापत्र का हवाला देते हुए कहा कि इसमें दंगा पीड़ित परिवारों को पांच लाख रुपये, सस्ते मकान और सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन ये वादे पूरे नहीं किये गये।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब सिख दंगा पीड़ित कल्याण संगठन के सदस्य मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने पहुंचे तो उन्हें कथित तौर पर पुलिस की लाठियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक तरफ आप 1984 के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर पीड़ितों की आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने 3,328 पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने रोजगार के क्षेत्र में भी कदम उठाए हैं। हरियाणा में 121 पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया, जबकि दिल्ली की भाजपा सरकार ने पात्र लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एसआईटी के माध्यम से 1984 दंगा मामलों से जुड़े 300 से अधिक बंद मामलों को दोबारा खोला। दिल्ली की भाजपा सरकार ने नवंबर 2025 में अनुकंपा रोजगार नीति भी लागू की, जिसके तहत पात्र परिवारों को अगली पीढ़ी तक रोजगार संबंधी लाभ पहुंचाने का प्रावधान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित