नयी दिल्ली , जून 30 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर स्वास्थ्य विभाग में 650 करोड़ रुपये के कथित दवा घोटाले का आरोप लगाते हुए इसे जनता के बीच ले जाने का ऐलान किया है।
आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि आप इस मुद्दे को दिल्ली के हर घर तक पहुंचायेगी और कार्यकर्ता तथ्यों एवं दस्तावेजों के साथ लोगों को इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे मशीनों, बेडशीट और अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद जरूरत से कई गुना अधिक मात्रा में और कथित तौर पर 10 से 20 गुना अधिक कीमत पर की गई। उन्होंने दावा किया कि यह मामला करीब 650 करोड़ रुपये का है और दिल्ली सरकार स्वयं इस अनियमितता को स्वीकार कर चुकी है।
श्री सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कथित घोटाले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से लोगों तक जानकारी पहुंचाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित