बेमेतरा , जून 25 -- भारतीय जनता पार्टी की बेमेतरा जिला इकाई ने आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ पर बुधवार को बेमेतरा में आयोजित प्रेस वार्ता में 25 जून 1975 को लागू किए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की।
भाजपा प्रदेश मंत्री जयंती भाई पटेल ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आंतरिक अशांति का हवाला देकर देश में आपातकाल लागू किया गया था, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को गंभीर आघात पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता सीमित कर दी गई।
उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ऐसा काला अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। भाजपा नेताओं ने कहा कि नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविकताओं और घटनाओं से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के महत्व को समझा जा सके।
प्रेस वार्ता में प्रहलाद रजक, विजय सिन्हा, दीपक मोटवानी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 25 जून का दिन देश के इतिहास में लोकतंत्र पर कुठाराघात के रूप में दर्ज है। पार्टी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि देश की जनता को आपातकाल की घटनाओं को स्मरण रखना चाहिए, ताकि भविष्य में नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर किसी प्रकार का संकट उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित