दरभंगा , मई 09 -- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर विवादों का त्वरित, सुलभ एवं किफायती समाधान सुनिश्चित करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय, परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा, जिलाधिकारी सह उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर विवादों का त्वरित, सुलभ एवं किफायती समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विशेष रूप से शमनीय (कम्पाउंडेबल) मामलों का निष्पादन कर न्यायालयों में लंबित वादों का बोझ कम किया जाता है तथा आम नागरिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उपाध्यक्ष कौशल कुमार ने कहा कि यह आयोजन आपके लिए है जरूरत इस बात की है कि सुलह समझौता कर अपने विवादों का निपटारा कर खुशी-खुशी अपने घर जाएं। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाने में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित