ग्रेटर नोएडा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा कासना थाना क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि कल देर रात डाॅयल-112 के माध्यम से कासना थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो व्यक्तियों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना त्वरित थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि विवाद में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो चुके थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने एक घायल व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरेश, निवासी बरेली, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी नुकीली वस्तु से किए गए वार के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी स्थिति को देखते हुए पुलिस उसके स्वस्थ होने के बाद विस्तृत पूछताछ करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवाद के कारण, घटनाक्रम और हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित सभी बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित