चम्पावत , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड की चम्पावत पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टनकपुर में 114 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ बरेली निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अक्टूबर की रात को टनकपुर थाना प्रभारी चेतन रावत और विशेष अभियान समूह (एसओजी) के उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम की ओर से रेलवे स्टेशन के निकट बिचई-मनिहारगोठ क्षेत्र में जांच की जा रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को 114 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम अंसारी निवासी एजाजनगर, सैटेलाइट के पास, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह स्मैक उसे मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने टनकपुर में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। आरोपी के मुताबिक यह दंपति कुरियर सेवा का काम करता है और वह उनके कुरियर का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाता है। पुलिस नशे की आपूर्ति के संभावित नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है। दंपति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित