देहरादून , अप्रैल, 01 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने बुधवार को लोक भवन में आयोजित एक सम्मान कार्यक्रम में आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून जिले के कार्मिकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों के समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन समय में एक "फ्रंटलाइन लीडर" के रूप में कार्य करते हुए न केवल प्रशासन का प्रभावी नेतृत्व किया, बल्कि अपनी टीम के साथ मिलकर उत्कृष्ट समन्वय एवं तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने की पहल की भी सराहना की और कहा कि यह पहल अन्य लोगों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती है।
श्री सिंह ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सैनिकों, सुरक्षाबलों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य कार्मिकों ने निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए अपने आराम और सुरक्षा की परवाह किए बिना समाज और राष्ट्र की सेवा की है। उनका यह समर्पण और त्याग समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित