वाराणसी , अगस्त 28 -- तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जल प्रलय से हुई जनहानि पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने नेपाल में बाढ़ से हुई भीषण जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस आपदा की घड़ी में भारत के नागरिक मजबूती से अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में हुई मौतों और व्यापक नुकसान से भारत बेहद दुखी और स्तब्ध है।

उन्होंने कहा कि नेपाल केवल भारत का पड़ोसी देश नहीं, बल्कि एक मित्र राष्ट्र भी है। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और आत्मीय संबंध हैं। भारत और नेपाल के रिश्ते केवल सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के नागरिक एक-दूसरे के सुख-दुख में हमेशा भागीदार रहे हैं।

श्री चौरसिया ने कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति भारत की गहरी संवेदना है और राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेपाल सरकार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। भारत सरकार की ओर से राहत सामग्री भेजी जा रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने भी नेपाल में आई त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई जनहानि और तबाही बेहद पीड़ादायक है। भारत के नागरिक इस कठिन समय में नेपाली भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी होने के साथ-साथ अभिन्न मित्र राष्ट्र है और दोनों देशों के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में बराबर के भागीदार रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेपाल सरकार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिए जाने और भारत सरकार की ओर से राहत सामग्री भेजे जाने का उल्लेख करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित