नयी दिल्ली , मई 02 -- संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देश में आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सूचना देने के लिए अत्याधुनिक 'सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम' सेवा का शनिवार को यहां उद्घाटन किया।

श्री सिंधिया ने इस मौके पर कहा कि यह प्रणाली गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से विकसित की गई है। इसके माध्यम से आपदा, गंभीर मौसम और अन्य आपात स्थितियों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे लोगों के मोबाइल फोन पर तुरंत भेजी जा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आज देशभर में इस प्रणाली का सफल परीक्षण भी किया गया, जिसमें नागरिकों के मोबाइल फोन पर बीप ध्वनि के साथ इमरजेंसी अलर्ट संदेश प्रदर्शित हुआ। यह पहल भविष्य में त्वरित और प्रभावी सूचना प्रसारण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित