देहरादून , सितम्बर 29 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित घोषणाओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में कुल 4,611 मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 2,852 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 1,759 लंबित हैं। इनमें 1,397 पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई चल रही है, 59 आंशिक रूप से पूर्ण हो चुकी हैं और 303 अभी लंबित हैं। 447 घोषणाओं का विलोपन या विलय किया गया है। 11 अगस्त, 2026 को लंबित घोषणाओं की संख्या 627 थी, जो अब घटकर 303 रह गई है।
मुख्य सचिव ने लंबित घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए विलोपन, विलय अथवा अन्य विभागों को हस्तांतरण से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने, भूमि हस्तांतरण सहित अन्य प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा जहां संभव हो, कार्यों को समानांतर रूप से शुरू करने को कहा। अगली समीक्षा बैठक अक्टूबर के मध्य में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति पोर्टल पर लगातार अपडेट करने तथा सचिव एवं अपर सचिव स्तर के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही, संपूर्ण यमुनोत्री ट्रैक रूट के सुधारीकरण की कार्ययोजना तैयार कर 15 दिनों में विस्तृत प्रस्तुतिकरण देने और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी कार्य करने को कहा।
ईको पार्क जैसी घोषणाओं के संबंध में उन्होंने परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ उनके संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पौड़ी में धारा रोड से एजेंसी चौक तक हेरिटेज स्ट्रीट के कार्य को आवास विभाग से पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने तथा मल्टीस्टोरी पार्किंग से संबंधित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने एक ही क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे अवस्थापना विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को समन्वित रूप से करने, फलों के भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज हेतु उपयुक्त भूमि का चयन करने तथा प्रदेश के शहरों में ओपन स्पेस, सिटी पार्क अथवा ईको पार्क विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य करने को कहा। सरकारी भूमि उपलब्ध न होने पर निजी भूमि क्रय करने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित