कानपुर , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के 41वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गुलाचीन चंपा का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कुलाधिपति का स्वागत करते हुए परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस दौरान स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. हिमांशु त्रिवेदी ने कुलाधिपति को विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पौधारोपण अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

पौधारोपण कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, कानपुर नगर के मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की।

अभियान की विशेषता यह रही कि विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पौधारोपण स्थल का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधों का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद करते हुए पौधों के नियमित संरक्षण, सिंचाई और देखभाल पर बल दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे को अपने परिवार के सदस्य की भांति संरक्षित करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विश्वविद्यालय परिसर में इस अभियान के तहत 250 फलदार और फूलदार पौधों का रोपण किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि पौधारोपण अभियान सतत रूप से जारी रहेगा और यह विश्वविद्यालय की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता तथा सतत विकास के लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित