लखनऊ , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से रविवार को जन भवन, लखनऊ में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उससे जुड़े गंभीर सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों को रेखांकित करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने सहज अभिनय और संवादों के जरिए दर्शाया कि नशे से दूरी बनाकर ही व्यक्ति अपने जीवन को बेहतर दिशा दे सकता है तथा अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभा सकता है।

यह आयोजन 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान' के अंतर्गत किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। जन भवन में विद्यार्थियों की इस पहल ने सामाजिक जागरूकता के प्रसार में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया और नशामुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित