चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कोटला कलां स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर और संत बाबा बाल जी आश्रम में दर्शन कर संत बाबा बाल जी महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम में आकर उन्हें श्रद्धा, शांति और आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने संत बाबा बाल जी महाराज द्वारा भक्ति संगीत, सत्संग और भक्तमाल कथाओं के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सुंदरता के साथ आध्यात्मिकता और तपस्या की भूमि है। हरियाणा और हिमाचल प्रशासनिक रूप से अलग हैं, लेकिन दोनों राज्यों की संस्कृति, आस्था और संस्कार उन्हें जोड़ते हैं।
श्री सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्मयोग और लोक कल्याण का संदेश देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में उन्होंने मनुष्य को अपने कर्तव्य का ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से जोड़ना जरूरी है। आधुनिक बनना अच्छी बात है, लेकिन इसका अर्थ अपनी संस्कृति से दूर होना नहीं है। उन्होंने नशे को युवाओं के सामने गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा, योग, अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की जरूरत है।
उन्होंने मंदिरों आश्रमों और संत समाज से भी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में सहयोग की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा देश तथा समाज के विकास में लगाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित