पटना , मई 11 -- बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी मानसून को देखते हुए नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए नई मशीनरी, आधुनिक उपकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे नगर निकायों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
श्री मिश्रा ने आज विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए नई मशीनरी, आधुनिक उपकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनरी और संसाधनों के माध्यम से नगर निकायों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने जिलों एवं नगर निकायों से समन्वय स्थापित कर आवश्यकता आधारित प्रस्ताव शीघ्र प्राप्त करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष के अनुभवों और चुनौतियों के आधार पर समस्याओं की शीघ्र पहचान कर उनका प्रभावी, व्यावहारिक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मंत्री ने विभाग की संस्थागत संरचना को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने पर बल देते हुए कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
श्री मिश्रा ने आगामी मानसून को देखते हुए नगर निकायों की तैयारियों की विशेष समीक्षा की। उन्होंने सभी नगर निगमों और नगर निकायों को जलजमाव, जल निकासी एवं संभावित आपदा स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित