पटना , मई 27 -- बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर पटना नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जल-जमाव, नाला निर्माण, पेयजल व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन तैयारियों से जुडे़ विभिन्न विषयों पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की।

मंत्री ने निर्देश दिए कि "मैनहोल" को अब "मशीन होल" कहा जाए तथा उनकी सफाई एवं मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक मशीनों की समुचित व्यवस्था की जाए। "मैनहोल नहीं, मशीन होल" की सोच के साथ अब शहरों में सीवर एवं नालों की सफाई आधुनिक मशीनों के माध्यम से की जाएगी।

मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सफाई कार्यों में मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक जेटिंग मशीन, सक्शन मशीन जैसे उपकरणों के उपयोग से सफाई व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य तकनीक आधारित स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहरी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित नाला निर्माण एवं सफाई कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी संवेदकों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनता के कष्ट को समझें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित