नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान 24 वर्षीय चंद्रपाल भाटी के तौर पर हुई है, जो बलजीत नगर इलाके में अपनी पत्नी के साथ किराए के कमरे में रहता था। पुलिस के मुताबिक, उनके वैवाहिक जीवन में काफी तनाव रहता था जिसके चलते मंगलवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ और भाटी ने कथित तौर पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "14 सितंबर को आनंद पर्वत में हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और महिला को एक कमरे में मृत पाया। मृतका वहां अपने पति, अपनी दो नाबालिग बेटियों और अपनी मां के साथ रहती थी।"महिला की 10 वर्षीय बेटी से हुई शुरुआती पूछताछ से हत्या में पति की भूमिका का संकेत मिला। पुलिस ने बताया कि बेटी आधी रात को करीब तीन से चार बजे के बीच जागी थी और उसने अपने पिता को उसकी मां की सांसें चेक करते देखा। इसके बाद वह घर से चला गया, और फिर लड़की ने पाया कि उसकी मां कोई हरकत नहीं कर रही थी।
जांच के दौरान अधिकारियों को महिला की गर्दन के बाईं ओर नाखून जैसे निशान मिले। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित