बैतूल , मई 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 35 फीट गहरे कुएं में गिर गई, जिससे कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना भैंसदेही-आठनेर मार्ग पर ग्राम गुदगांव के पास रात करीब एक बजे हुई। बताया गया है कि तीनों युवक एक कार्यक्रम में शामिल होकर अमरावती लौट रहे थे। गुदगांव के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे ढलान पार करते हुए कुएं में जा गिरी।
कुएं में लगभग तीन फीट पानी भरा होने से बड़ा नुकसान टल गया। दुर्घटना के बाद कार में सवार एक युवक ने काफी मशक्कत के बाद रात करीब तीन बजे कुएं से बाहर निकलकर खेतों में मौजूद ग्रामीणों से मदद मांगी।
सूचना मिलने पर भैंसदेही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे दो अन्य युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान राहुल गजानंद (36) निवासी अडवी जिला अमरावती, कृष्णा बोकदे (36) निवासी कन्नौद और सत्यम तोमर निवासी मुरैना के रूप में की गई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। बचाव कार्य में एसआई आशीष कुमरे, पुलिस बल तथा गुदगांव और धामनगांव के ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित