नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- आधार ऐप डाउनलोड का आंकड़ा पांच करोड़ के एक महत्वपूर्ण स्तर को पार कर गया है और केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) ने इसे एक उपलब्धि बताते हुए कहा है कि यह देश के लोगों में डिजिटल माध्यम से आधार सेवाओं को अपनाने की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाता है।
मेइटी ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि कुछ ही समय में आधार ऐप का इतनी बड़ी संख्या में डाउनलोड किया जाना इसकी भूमिका के विस्तार को दर्शाती है। यह ऐप निवासियों और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के बीच एक डिजिटल माध्यम के रूप में कार्य करता है। इसके जरिए आधार नंबर धारक अपने स्मार्टफोन से कई सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जिनमें मोबाइल नंबर अपडेट, पता अपडेट, ईमेल अपडेट, बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक और ई-आधार डाउनलोड शामिल हैं।
इस ऐप को शुरू करने के बाद से इसका लगातार व्यापक उपयोग हो रहा है। विज्ञप्ति के अनुसार 60 लाख से अधिक लोगों ने आधार ऐप के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया, जबकि 15 लाख से अधिक पता अपडेट और 23 लाख से अधिक ईमेल अपडेट इस ऐप के जरिए किए गए। इन सेवाओं का बढ़ता उपयोग यह दर्शाता है कि लोग आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से, बिना आधार केंद्र पर जाए, उठाना अधिक पसंद कर रहे हैं।
क्यूआर कोड आधारित सत्यापन और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ों जैसी आधार ऑफलाइन वेरिफिकेशन विधियों का उपयोग करके अब संबंधित संस्थाएं पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन कर सकेंगी। इसके लिए यूआईडीएआई के केंद्रीय डेटाबेस से रियल-टाइम कनेक्टिविटी की आवश्यकता नहीं होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित