पिथौरागढ़ , अक्टूबर 24 -- चीन सीमा से सटी व्यास घाटी में शनिवार को दूसरी 'आदि कैलाश परिक्रमा रन' का शुभारंभ हुआ। पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने 70 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ जोलिंगकांग से शुरू हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुंजी से शुरू हुई 42 किलोमीटर की मैराथन को दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल और उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने रवाना किया। इस मौके पर धावकों ने नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ भी ली। 70 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन सुबह करीब 6:40 बजे शुरू हुई। करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई पर हो रही इस दौड़ में कम तापमान, कम ऑक्सीजन और दुर्गम रास्तों के बावजूद धावकों में उत्साह दिखा।

इस वर्ष देश के 26 राज्यों के लगभग 1,100 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। पिछले वर्ष आयोजित पहले संस्करण में करीब 750 धावकों ने हिस्सा लिया था। 70 किलोमीटर की मुख्य दौड़ आदि कैलाश से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतियोगिता हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित