पिथौरागढ़ , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड के कुमाऊं की सुप्रसिद्ध आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाये जाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
तैयारियों को अंतिम रूप देने के क्रम में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित टीम ने रविवार को उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रमुख आधार शिविर गूंजी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर टीम ने आवासीय स्थलों, टेंट कॉलोनियों, विश्राम गृहों और अस्थायी शिविरों का जायजा लिया। यात्रियों के ठहरने की क्षमता और सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी स्थानों पर स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, जल स्रोतों की नियमित सफाई और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और दवाइयों की उपलब्धता का निरीक्षण किया गया। उच्च हिमालयी क्षेत्र को देखते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवनरक्षक दवाइयां और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती, चेक पोस्ट और निगरानी प्रणाली की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा गया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालयों की साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने और पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
संचार व्यवस्था के तहत दूरसंचार नेटवर्क और वायरलेस सिस्टम की समीक्षा कर दूरस्थ क्षेत्रों में संपर्क मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान हो सके।
इसके अलावा बिजली आपूर्ति, खाद्य सामग्री, राशन, यातायात प्रबंधन और यात्रा मार्गों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत और बाधाओं को जल्द हटाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस-प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे।
आदि कैलाश धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए आगामी 01 मई को खुलेंगे। जिला प्रशासन ने 26 मई से इनर लाइन परमिट के लिए आनलाइन आवेदन की व्यवस्था शुरू की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित