पिथौरागढ़ , मई 24 -- आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने इनर लाइन परमिट जारी करने की सुविधा में इजाफा किया है।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं के अनुसार आदि कैलाश और ओम् पर्वत यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने की व्यवस्था वृद्धि कर दी गई है।

अब इनर लाइन परमिट धारचूला के अलावा अब जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भी मेडिकल परीक्षण के साथ-साथ मिल सकेंगे।

इससे अब यात्रियों को केवल धारचूला पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे पिथौरागढ़ शहर से भी आसानी से परमिट प्राप्त कर सकेंगे।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के कमरा नंबर-10 में इनर लाइन परमिट बनाने की सुविधा विधिवत शुरू कर दी गई है। यहां यात्रियों का मेडिकल परीक्षण भी किया जा रहा है और उसी के साथ परमिट जारी किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित