रायपुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परम्परा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने बुधवार को कांग्रेस पर आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आदिवासियों को नेतृत्व, सम्मान और शासन में भागीदारी दी है।
श्री मरकाम ने यहां जारी बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज को शासन और नीति-निर्माण में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश में आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री होने के साथ मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट मंत्री तथा विभिन्न निगमों, मंडलों और आयोगों में अनुसूचित जनजाति वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बस्तर विकास प्राधिकरण और सरगुजा विकास प्राधिकरण के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को स्वीकृति देकर वनांचल क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार का प्रयास किया जा रहा है।
श्री मरकाम ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि से संग्राहकों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही लघु वनोपजों के मूल्य संवर्धन, वन-धन केंद्रों के विस्तार, चरण पादुका योजना और परम्परागत औषधीय ज्ञान के संरक्षण के माध्यम से आदिवासी समुदाय की आजीविका मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित