रायपुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने जनजातीय समाज के हितों और विकास को प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री साय ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा कि अगर वास्तव में किसी ने जनजाति समाज की चिंता की है, तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने की है। उन्होंने भाजपा सरकारों की ओर से आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू आज देश की राष्ट्रपति हैं। इस उपलब्धि ने पूरे जनजातीय समाज को गौरव और सम्मान दिलाया।

श्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की लगभग सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम जनमन योजना शुरू की है। इसके तहत उनके गांवों तक सड़कें पहुंचाई जा रही है और राशन कार्ड समेत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, लेकिन जनजातीय समाज अब उसे पहचान चुका है और जनता उसके मुगालते में आने वाली नहीं है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) में फिर से पेपर लीक की घटना के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा में जारी मैराथन बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में बैठकें लगातार चलती रहती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित