बैतूल , जनवरी 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के हमलापुर स्थित सीनियर आदिवासी शासकीय बालक छात्रावास के अधीक्षक राजू इवने को छात्रों से अवैध वसूली और व्यवस्थागत अनियमितताओं के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा छात्रों की शिकायतों के बाद की गई।

छात्रों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि प्रवेश के समय प्रति छात्र करीब 6 हजार रुपये वसूले गए। इसके साथ ही छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब होने, कई बार अधपका भोजन परोसे जाने, शौचालयों की नियमित सफाई न होने और बिजली व्यवस्था ठीक न होने की शिकायत भी की गई। छात्रों ने अधीक्षक पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया। शिकायत पत्र पर कुल 21 छात्रों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करवाई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर अधीक्षक राजू इवने को निलंबित कर दिया गया। कलेक्टर ने छात्रों के पालकों से फोन पर चर्चा भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित