झाबुआ/नई दिल्ली , मार्च 18 -- नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस की सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आदिवासी समाज के मुद्दों और अधिकारों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राहुल गांधी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने की।

डॉ. भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि समिति का गठन आदिवासी समाज की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार है और कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

राहुल गांधी ने अपने उद्बोधन में आदिवासी समुदाय के साथ हो रहे अन्याय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पारंपरिक अधिकारों को कमजोर करने के प्रयासों का विरोध किया जाना चाहिए और कांग्रेस पार्टी हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने जननायक टंटिया मामा के चित्र पर माल्यार्पण किया।

बैठक में कांतिलाल भूरिया, उमंग सिंघार, रामू टेकाम, ओकार सिंह मरकाम, बाला बच्चन और राधेश्याम मुवेल सहित देशभर से आए आदिवासी नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आदिवासी कला पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन अतिथियों ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित