कोंडागांव , जून 20 -- छत्तीसगढ़ में सर्व आदिवासी समाज राज्यव्यापी स्तर पर आदिवासी अधिकारों के मुद्दों को लेकर 22 जून को जिला कलेक्टरों को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपेगा।

कोंडागांव में सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को सर्व आदिवासी भवन में आयोजित की गयी। बैठक में आदिवासी समुदाय के संवैधानिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न आदिवासी संगठनों की ओर से 22 जून को राज्यव्यापी स्तर पर संयुक्त ज्ञापन जिला कलेक्टरों को सौंपा जाएगा। कोंडागांव में भी सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधि जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।

बैठक में शासकीय विद्यालयों में धार्मिक गतिविधियों को अनिवार्य किए जाने संबंधी आदेश पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में संविधान की धर्मनिरपेक्ष भावना, आदिवासी सांस्कृतिक अधिकारों तथा अनुसूचित जनजातियों को प्राप्त संवैधानिक संरक्षण की रक्षा की मांग को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री तथा संस्कृति मंत्री के नाम एसडीएम कोंडागांव के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

बैठक में सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष बंगाराम सोड़ी, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष यतिन्द्र सलाम सहित जिले में निवासरत 12 आदिवासी समाजों के पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें मुरिया समाज के धनीराम सोरी, हल्बा समाज के शिव पात्र, लुभा सिंह नाग, बिरेन्द्र चनाप, गोंड समाज के मंगलूराम नेताम, भतरा समाज के कमलूराम कोर्राम, उरांव समाज के अजनेर लकड़ा, कोया कुटमा समाज के देवाराम वट्टी, राजगोंड समाज के सुलूकचंद नाग, पारधी समाज के उरदूराम मंडावी, ध्रुव गोंड समाज के मदन ध्रुव तथा कंवर समाज के सत्यनारायण दीवान शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित