बारां , जून 17 -- राजस्थान में बारां के जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने आदिमजाति शाहबाद क्षेत्र का दौरा करके विभिन्न विभागीय संस्थानों का निरीक्षण किया और विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जिला कलेक्टर ने बिलखेड़ा डांग क्षेत्र का दौरा करके प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), आंगनबाड़ी केंद्र एवं मां-बाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और पोषाहार वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद श्री असावा ने बिलखेड़ा डांग स्थित सहरिया बंगले में ग्रामीणों से संवाद करके उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित मांगें रखीं, जिन पर श्री असावा ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके पश्चात वह कोटरा एवं कुंडा क्षेत्र पहुंचे जहां उन्होंने कोटरा से कुंडा तक निर्माणाधीन पीएम-जनमन सड़क परियोजना का अवलोकन करके कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित