जालंधर , जून 03 -- पंजाब में जालंधर के आदमपुर में एक सरकारी स्कूल परिसर में ड्रोन मिलने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों को पुलिस ने भ्रामक बताया है। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि यह ड्रोन भारतीय सेना द्वारा परीक्षण के लिए संचालित किया जा रहा था और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से इसका कोई संबंध नहीं है।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस उपाधीक्षक आदमपुर राजीव शर्मा एवं एसएचओ आदमपुर रविंदर कुमार द्वारा मौके पर पहुंचकर तथ्यों की पुष्टि की गयी। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त ड्रोन सेना के जवानों द्वारा परीक्षण (टेस्टिंग) के लिए संचालित किया जा रहा था। इसके संचालन क्षेत्र से बाहर हो जाने के कारण ड्रोन अनजाने में स्कूल की इमारत में उतर गया।
श्री शर्मा ने ड्रोन बरामद होने संबंधी वायरल खबर के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि उक्त ड्रोन सेना के जवानों द्वारा परीक्षण के लिए संचालित किया जा रहा था। घटना से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। मामले का मौके पर ही सत्यापन कर लिया गया है तथा आम जनता के लिए चिंता की कोई बात नहीं है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें और अफवाहों से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित