उज्जैन , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में माधवनगर थाना पुलिस ने धारदार चाकू के साथ एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में हत्या के प्रयास, चोरी, डकैती सहित गंभीर अपराधों के 27 प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुना जिले के ग्राम कनेरा निवासी 50 वर्षीय कोलासर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद होने पर माधवनगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार पांच सितंबर को गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध गुना, जयपुर, रतलाम-जावरा, इंदौर, उज्जैन, उत्तराखंड और पंचकूला सहित विभिन्न स्थानों पर हत्या के प्रयास, चोरी, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में 27 प्रकरण दर्ज होना पाया गया।

आरोपी थाना धरनावद, जिला गुना में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 307 के तीन मामलों, थाना म्याना, जिला गुना में चोरी के एक मामले, जयपुर में चोरी के तीन मामलों तथा रतलाम-जावरा में चोरी के एक मामले में फरार पाया गया है।

पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य लंबित मामलों की जानकारी संबंधित थानों से जुटा रही है। लंबित प्रकरणों और वारंट के संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों को भी सूचना दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित