बारां , जुलाई 10 -- राजस्थान में बारां जिले के आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, नवाचार एवं जैविक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 प्रगतिशील एवं नवाचारी कृषकों को सम्मानित किया जायेगा।
उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा राजेश विजय ने शुक्रवार को बताया कि प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर इन पांच श्रेणियों में एक-एक कृषक का चयन करके कुल पांच कृषकों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। जिले की सभी पंचायत समितियों से चयनित कृषकों में से 10 सर्वश्रेष्ठ कृषकों का जिला स्तर पर चयन करके उन्हें 25-25 हजार रुपये से सम्मानित किया जायेगा।
जिला स्तर पर चयनित उत्कृष्ट कृषकों में से राज्य स्तरीय समिति द्वारा चयनित किसानों को 50 हजार रुपये का राज्य स्तरीय कृषक पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित