सोनभद्र , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में साइबर उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और धन उगाही से परेशान होकर युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने राजस्थान से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संगठित साइबर गिरोह का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी फर्जी पुलिस और आर्मी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को धमकाकर धन उगाही करते थे। अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने मंगलवार को बताया कि 29 अप्रैल को अंकिता पाठक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था जिसमें कहा गया था कि उनके पति राजेंद्र पाठक ने आठ अप्रैल की रात अपने नवनिर्मित मकान में आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, लेकिन बाद में मृतक के मोबाइल फोन की जांच के दौरान साइबर ब्लैकमेलिंग और धमकी देकर धन उगाही का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मृतक को लगातार वीडियो कॉल कर धमकाया जा रहा था और उससे कई बार धनराशि भी वसूली गई थी। बैंक खातों के स्टेटमेंट और मोबाइल चैट के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि साइबर उत्पीड़न से परेशान होकर ही मृतक ने आत्महत्या की। इसके बाद थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज कर साइबर थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वीडियो कॉल राजस्थान के अलवर जिले से की जा रही थी। जिस बैंक खाते में रकम भेजी गई थी वह महाराष्ट्र का था, जबकि धनराशि राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र से निकाली गई थी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अफसील खान, नूर मोहम्मद उर्फ नंदा, राशिद, वशिम और बारिश शामिल हैं। सभी आरोपी राजस्थान के अलवर और खैरथल-तिजारा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, दो म्यूल बैंक खातों के एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उनमें पुलिस और सेना अधिकारियों की तस्वीरें लगाते थे। इसके बाद एआई तकनीक से अश्लील वीडियो तैयार कर लोगों को डराकर धन उगाही करते थे। गिरोह के सदस्य फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने, एटीएम से रकम निकालने और कमीशन पर धन ट्रांसफर कराने का काम करते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित