श्रीगंगानगर , अप्रैल 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के गंभीर मामले में पुलिस ने 33 वर्षीय महिला फिजियोथेरेपिस्ट अंकिता जाट को गिरफ्तार किया है।
अंकिता को आज स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिये गये।
थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ढील ने बताया कि अंकिता जाट (पुत्री गुरदयालसिंह) निवासी गांव गुड़िया थाना फेफाना जिला हनुमानगढ़ को कल शाम हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित टांटिया यूनिवर्सिटी के निकट जनसेवा हॉस्पिटल कैंपस से गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस महिला की लगभग एक महीने से तलाश कर रही थी।
मामला 22 जून 2024 का है, जब श्रीगंगानगर के सादुलशहर तहसील के दुललपुरा निवासी 42 वर्षीय स्टेशनरी विक्रेता संदीप बिश्नोई ने सरकारी जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में बयान देते हुए आरोप लगाया था कि अंकिता जाट लगातार उसे ब्लैकमेल कर रही है। वह बार-बार पैसे मांगती थी और पैसे न देने पर सार्वजनिक रूप से बेइज्जती करने की धमकी देती है। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर संदीप बिश्नोई ने उस दिन रीको उद्योग विहार स्थित अपनी स्टेशनरी दुकान से निकटवर्ती गांव नेतेवाला में एक दुकान से कीटनाशक दवा खरीदी। वापस लौटकर उसने दवा का सेवन कर लिया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू वार्ड में उपचार के दौरान अपना बयान दर्ज कराया। बयान देने के कुछ देर बाद संदीप बिश्नोई कीमौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित