उज्जैन , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र में आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक दंपत्ति को पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम घट्टिया निवासी आसिफ अहमद और उसकी पत्नी रीना घरेलू विवाद एवं पारिवारिक तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान थे। इसी बीच आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर निराशाजनक स्टेटस डाला, जिससे आत्महत्या की आशंका उत्पन्न हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी करण खोवाल ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। ग्राम नजरपुर स्थित उनके मकान पर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से देखने पर दोनों पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए।
पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए बाहर से बातचीत कर दंपत्ति का ध्यान भटकाया और टीम को वैकल्पिक मार्ग से अंदर प्रवेश करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात दरवाजा तोड़कर दोनों को फंदे से नीचे उतारा गया।
उस समय दोनों की सांसें चल रही थीं। उन्हें तत्काल घट्टिया के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है और वे खतरे से बाहर हैं। थाना प्रभारी ने उन्हें समझाइश दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित