लखनऊ , मई 6 -- भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा है कि हालिया विधानसभा चुनावों के परिणाम विकसित, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार साबित होंगे, जिसमें देश का उद्यमी और व्यापारी वर्ग पूर्ण समर्पण के साथ योगदान देगा। श्री गर्ग ने बुधवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और दक्षिणी राज्यों के चुनाव परिणाम देश के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में सत्तासीन रही सरकारों ने अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे राज्यों को असुरक्षा, गरीबी और बेरोजगारी की ओर धकेला।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया है और इसे साकार करने में चुनाव परिणाम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल को देश की अर्थव्यवस्था और वितरण व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करता है।
श्री गर्ग ने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र को बीते दशकों में कमजोर किया गया, जिससे वहां की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में पहले असुरक्षा और अस्थिरता का माहौल था, जो अब बदल रहा है।
मंडल के प्रदेश चेयरमैन सुधीर एस. हलवासिया ने कहा कि आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के सिद्धांत पर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनाव परिणाम विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा को और मजबूत करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित