औरंगाबाद, मई 21 -- गृह विभाग (विशेष शाखा) के निदेशानुसार "आतंकवाद विरोधी दिवस" के अवसर पर औरंगाबाद में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह ने आतंकवाद विरोधी दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर जिले के अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध शपथ ग्रहण की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे भारत की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद एवं हिंसा का डटकर विरोध करेंगे। साथ ही मानव समाज के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी समझ को बढ़ावा देने तथा मानव जीवन मूल्यों को चुनौती देने वाली विघटनकारी शक्तियों के विरुद्ध संघर्षरत रहने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (विशेष शाखा) मोहम्मद सादुल हसन खां, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता श्रीमती बेबी प्रिया, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती विनीता कुमारी, सहायक योजना पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग महेशानंद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रधान सहायक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार औरंगाबाद जिला अंतर्गत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शपथ ग्रहण कर आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया।
जिला प्रशासन ने इस अवसर पर समाज में शांति, एकता, सद्भाव एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सभी नागरिकों से जागरूक एवं प्रतिबद्ध रहने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित